कदौर्रा (संवाद)। शुक्रवार को हमीरपुर जोल्हूपुर हाईवे बागी फार्म के पास अन्ना मवेशियो के झुंड को बचाने के चक्कर मे ट्रक खंदक में घुस गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल को हमीरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत गंभीर होने पर कानपुर हैलट के लिए रेफर कर दिया गया था पर सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।
भाई इकबाल अहमद ने थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार की भोर में उसका 34 वर्षीय भाई अंसार अहमद निवासी हमीरपुर ट्रक लेकर मौरंग भरने आ रहा था। ट्रक जैसे बागी फार्म के नजदीक पहुंचा तभी सड़क पर बैठे अन्ना मवेशियों के झुंड को बचाने के चक्कर में गहरे खंदक में घुस गया था। हादसे में अंसार अहमद घायल हो गया। उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक उमाकांत ओझा ने कहा कि तहरीर मिली है।
---------------------
व्यापारी पर लगाया रुपये न देने का आरोप
कदौरा। थाना क्षेत्र के ग्राम मुहारी निवासी लालबेग ने सोमवार थाना पुलिस को शिकायती पत्र दिया। बताया कि एक वर्ष पहले उसने बवीना निवासी एक व्यापारी को मटर की फसल एक लाख रुपये में बेची थी। जिसमें व्यापारी ने उसको 90 हजार रुपये दे दिए थे। 10 हजार रुपये देने के लिए लगातार आश्वासन देता रहा। रविवार को जब व्यापारी से रुपये मांगे तो वह झगड़े पर आमादा हो गया और 15 हजार रुपये मांगने लगा। (संवाद)