सिरसाकलार। पिता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी युवक को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। बड़े भाई के घर खाना खाने से नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया था। जमानत के बाद से ही वह फरार हो गया था।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र के सिकन्ना गांव निवासी संतराम दोहरे (65) की 19 अप्रैल 2021 को कुल्हाड़ी से काटकर उसके बेटे अरविंद ने हत्या कर दी थी। बड़े पुत्र गोविंद की तहरीर पर सिरसाकलार थाना पुलिस ने अरविंद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने जब उसे गिरफ्तार किया था तो पूछताछ में उसने बताया था कि पिता संतराम बनारस में रहकर गोलगप्पे का धंधा करते थे और कुछ दिन पहले ही घर लौटे थे।
वह भाई गोविंद को पैसे देते थे, लेकिन उससे मतलब नहीं रखते थे। इसी के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया था। जहां से उसे जेल भेज दिया गया था। छह महीने बाद उसे जमानत मिल गई। इसके बाद से वह लगातार कोर्ट तारिख पर हाजिर नहीं हो रहा था। इसके बाद कोर्ट उसे गिरफ्तार करने के आदेश दिए थे। इस पर कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किए थे।
रविवार को पुलिस ने उसे गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी राजीव कुमार बैस ने बताया कि आरोपी फरार चल रहा था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।