उरई। कमरे में सो रहे युवक को सांप ने डस लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे झाड़-फूंक कराने ले गए। आराम न मिलने पर जब उसे सीएचसी लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गोहन थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव निवासी अरविंद प्रजापति (40) गुरुवार को दशहरा पर्व मनाने के बाद कमरे में सो रहा था। तभी गर्दन में उसे सांप ने डस लिया। चिल्लाने पर पत्नी कृष्ण कुमारी व पुत्र अंशुल व अनुराग आए और उसे झाड़ फूंक करवाने ले गए। आराम न मिलने पर परिजन उसे सीएचसी जालौन ले गए। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि तीन दिन पहले अरविंद के चचेरे भाई अभिषेक की पत्नी आरती को भी सांप ने डस लिया था। उसकी मौत हो जाने के बाद परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। गोहन थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि जांच की जा रही है। (संवाद)