कोंच (जालौन)। शादी में शामिल होने आई बहन की सहेली से युवक ने छेड़छाड़ कर दी। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी बात बताई। रात में ही परिजन थाना पहुंचे और तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। सुबह मामला सीओ के संज्ञान में आने पर रिपोर्ट दर्ज की गई।
कैलिया थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को एक युवती की शादी थी। इसमें युवती ने अपनी सहेलियों को बुलाया था। पार्टी में शामिल होने आई किशोरी ने आरोप लगाया कि पार्टी में डांस हो रहा था, तभी सहेली का भाई उससे छेड़छाड़ करने लगा। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देने लगा।
बताया कि जब वह अपने घर लौट रही थी, तभी आरोपी उसे रास्ते में पकड़कर धमकाने लगा। कहा कि किसी को यह बात बताई तो वह जान से मार देगा। किशोरी ने घर पहुंचकर पूरी बात परिजनों को बताई। इस पर वह किशोरी को लेकर कैलिया थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। रिपोर्ट दर्ज न होने पर पीड़िता के परिजनों ने सीओ को जानकारी दी। इस पर सुबह उनकी रिपोर्ट दर्ज की गई। सीओ डॉ. देवेंद्र पचौरी ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
महिला संबंधी अपराधों में पुलिस ने नहीं दिखाई सक्रियता
कैलिया पुलिस हमेशा सुर्खियों में बनी रहती है। कुछ समय पहले ही शराब बिकवाने के मामले में चौकी प्रभारी सहित दो को एसपी ने निलंबित कर दिया था। लेकिन इसके बाद भी पुलिस के रवैयेे में कोई बदलाव नहीं हो रहा है। एसपी के आदेश के बाद भी थाना प्रभारी महिला संबंधी अपराधों पर गौर नहीं कर रहे हैं। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि जब उन्होंने तहरीर दी, तो पुलिस का कहना था कि कल आना, अभी जांच की जा रही है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनसे ठीक से बात भी नहीं की।