फोटो-1-मृतक संजय की फाइल फोटो <div></div>
मुहम्मदाबाद। डकोर कोतवाली क्षेत्र में ग्राम जैसारी के पास शुक्रवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चालक की दबकर मौत हो गई। हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताई जा रही है।
मृतक की पहचान डकोर थाना क्षेत्र के मुहाना गांव निवासी संजय (25) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार संजय सुबह ग्राम जैसारी से बालू की ट्रॉली खाली कर वापस अपने गांव मुहाना आ रहा था। जैसारी गांव के पास पहुंचा तभी उसे झपकी आ गई। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से उतरकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि संजय ट्रैक्टर के नीचे दब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मशक्कत के बाद घायल संजय को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। परिजन उसे तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार शुरू किया। इलाज के दौरान संजय ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि संजय परिवार का अकेला कमाने वाला सदस्य था और खेती-किसानी के साथ ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। थाना प्रभारी विजय कुमार पांडेय का कहना है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।