जालौन। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छिरिया निवासी विनोद कुमार शिवहरे उर्फ कलू फौजी (50) की बृहस्पतिवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह घर से बेटी की शादी के लिए सामान की बुकिंग कराने के लिए जालौन गए हुए थे।
विनोद करीब 15 वर्ष पहले फौज की नौकरी छोड़कर घर आ गए थे। इसके बाद वह कुछ वर्षों से दिल्ली स्थित एम्स में प्राइवेट गार्ड की नौकरी कर रहे थे। 10 फरवरी को उनकी बेटी शिवानी की शादी तय है। इसी सिलसिले में वह तीन दिन पहले ही दिल्ली एम्स से छुट्टी लेकर गांव आए थे और शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे।
बृहस्पतिवार देर शाम वह शादी का सामान बुक कराने के लिए जालौन गए थे, लेकिन काफी देर रात तक घर नहीं लौटे। इस पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान गांव के बाहर सड़क किनारे उनका शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर टक्कर मारकर वाहन की तलाश शुरू कर दी है। बेटी की शादी से ठीक पहले हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।