उरई। कालपी रोड स्थित फैक्ट्री एरिया चौकी के पास बुधवार की दोपहर एक चलती बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक सवार युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचा ली।
सुशील नगर निवासी अमन सिंह गोविंदम रेस्टोरेंट से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह फैक्टरी एरिया चौकी के पास पहुंचे, उनकी बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी बाइक को घेर लिया।
स्थिति को भांपते हुए अमन सिंह ने तुरंत बाइक से कूदकर खुद को सुरक्षित कर लिया। कुछ ही देर में आग इतनी तेज हो गई कि सड़क किनारे खड़ा एक खराब ट्रक भी इसकी चपेट में आ गया। इससे उसका अगला हिस्सा आंशिक रूप से जल गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुटने से कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। सीओ राजीव कुमार शर्मा का कहना है कि जांच की जा रही है।