फोटो - 01 पुलिस गिरफ्त में 25 हजार का ईनामी बदमाश। संवाद
आटा। जालौन कोतवाली व आटा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार रात 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उकासा मोड़ पर हुई मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है। एसपी ने बताया कि बदमाश पर 20 से अधिक मामले गंभीर धाराओं में दर्ज हैं। पुलिस उसकी तलाश में थी।
एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि सोमवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक इनामी बदमाश बाइक से किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। इस पर जालौन कोतवाली प्रभारी ने उसका पीछा किया। बदमाश आटा थाना क्षेत्र में प्रवेश कर गया। सूचना मिलते ही आटा थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह फोर्स के साथ सक्रिय हो गए। हाईवे स्थित उकासा मोड़ पर पुलिस को देखकर बदमाश बाइक छोड़कर पास के यात्री प्रतीक्षालय के पास छिप गया। पुलिस ने जब उसे आत्मसमर्पण के लिए कहा तो उसने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल हो गया।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान आटा थाना क्षेत्र के संदी गांव निवासी रामजी पटेल के रूप में हुई है। उस पर चोरी, डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस अपराधी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। मुठभेड़ के दौरान उसके पास से एक तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा, 1300 रुपये और बिना नंबर की बाइक बरामद हुई है। एसपी ने टीम को पुरस्कार देने की बात कही है।
इधर, एसपी ने बताया कि 19 जुलाई को भी पुलिस ने रामजी पटेल को उसके साथी रोहित उर्फ फुट्टा कंजर के साथ आटा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। उस समय दोनों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई थी।