फोटो - 03 पोस्टमार्टम हाउस में बैठे परिजन। संवाद
उरई। जालौन चौराहे पर सोमवार देर शाम सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रही वृद्धा को बाइक ने टक्कर मार दी। मेडिकल कॉलेज से बड़े अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के कुकरगांव निवासी बलीराम की पत्नी रामप्यारी (60) सोमवार को छोटी बहू गंधारी के साथ बाजार करने उरई आईं थीं। बाजार करने के बाद देर शाम को वह जालौन बाईपास पर वाहन का इंतजार कर रहीं थीं। इसी दौरान जालौन की ओर जा रहे बाइक चालक ने लापरवाही से उन्हें टक्कर मार दी।
बहू कुछ समझ पाती कि सड़क पर सिर के बल गिरने से रामप्यारी लहूलुहान हो गईं। लोगों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। गंभीर हालत होने पर उन्हें झांसी रेफर कर दिया। परिजन उन्हें ले जा रहे थे, रास्ते में वृद्धा ने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने बताया कि वह गर्भवती महिलाओं का प्रसव कराने का काम करती थीं। वृद्धा के दो बेटे हैं। सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि बाइक व उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। जांच की जा रही है।