फोटो - 26 यमुना पुल पर जाम में फंसे वाहन। संवाद
कालपी। पुराने यमुना पुल पर शुक्रवार देर रात दो वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे के कारण पुल पर करीब चार किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया। जाम में फंसे सैकड़ों लोगों को रातभर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह घटना शुक्रवार रात करीब दो बजे हुई। पुल पर मरम्मत कार्य चलने के कारण पहले से ही यातायात नियंत्रित तरीके से संचालित किया जा रहा था। टक्कर के बाद मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यह जाम करीब चार घंटे तक लगा रहा, जिससे आवागमन ठप हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने तुरंत यातायात व्यवस्था को संभाला। क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया गया। कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को धीरे-धीरे सुचारु कराया जा सका। शनिवार सुबह तक जाम पूरी तरह खुल गया और आवागमन सामान्य हो सका।