फोटो - 28 अजगर को पकड़ती वन विभाग की टीम। स्रोत ग्रामीण
कोंच। नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर सनेता में नहर किनारे भरे पानी और झाड़ियों में करीब 12 फीट लंबा व 19 किलो से अधिक वजन का अजगर दिखाई देने से गांव में खलबली मच गई। बकरी चरा रहे चरवाहों ने सबसे पहले अजगर को देखा और इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी वन विभाग को दी गई। डिप्टी रेंजर अमित शर्मा के निर्देशन में वन विभाग की टीम गांव पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। अजगर को बोरे में बंद कर जंगल में छोड़ दिया गया। समय रहते कार्रवाई होने से किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। (संवाद)