उरई (जालौन)। धानुक समाज युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष महेंद्र बरार ने कहा कि टुकड़ों में बटे धानुक समाज को एक सूत्र में बांधने का प्रयास भारतीय धानुक समाज कर रहा है। इसी क्रम में धानुक समाज युवा मोर्चा 4 मई को ग्राम भदारी में एक महा सम्मेलन का आयोजन करेगा।
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि आर्थिक, शैक्षिक, राजनैतिक चेतना लाए बिना समाज का विकास संभव नहीं है। इसीलिए कठेरिया, बरार, वंशकार, वंशफोर, आदि उपजातियों में बंटे धानुक समाज को संगठित करने के लिये महासम्मेलन किया जा रहा है। इसमें छात्र, छात्राओं का सम्मान भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बैरागढ़ स्थित मां शारदा के मंदिर परिसर तथा जनपद मुख्यालय में एक एक धर्मशाला बनवाने के लिये विचार विमर्श होगा। महासम्मेलन की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय धानुक समाज प्रेमचंद्र करेंगे। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद दादा नरायण सिंह केसरी होंगे। सम्मेलन का उद्घाटन मुख्य सचिव सिंचाई विभाग डा.लालजी प्रसाद निर्मल करेंगे। इस मौके पर सम्मेलन प्रभारी व बुंदेलखंड अध्यक्ष भारतीय धानुक समाज श्रीमती अनीता वर्मा, रामआसरे वर्मा, डा.जगदीश सिंह आदि मौजूद रहे।