उरई (जालौन)। उरई स्थित भारतीय स्टेट बैंक से 26 हजार रुपये निकालकर अपने गांव वापस जाने के लिए आटों से बस स्टैंड जा रहे एक किसान के बैग को काटकर टप्पेबाजों ने 26 हजार रुपये पार कर दिए। किसान ने घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है।
कालपी कोतवाली के गांव छौक निवासी किसान रामकुमार सोमवार की दोपहर उरई स्थित भारतीय स्टेट बैंक से खाते से 26 हजार रुपये निकालकर बैग में रखकर आटो में बैठकर कालपी बस स्टैंड के लिए चला। आटो में बैठे टप्पेबाज ने उसका बैग काटकर 26 हजार रुपये पार कर दिया। बस स्टैंड पर पहुंचकर जब उसने बैग कटा देखा और रुपये गायब देखे तो वह सन्न रह गया। उसने कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस ने मौके पर जाकर निरीक्षण कर कार्यवाही की बात कही है।
मालूम हो कि जिले में इधर टप्पेबाजी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। सप्ताह भर पहले मोहल्ला पटेलनगर निवासी कृष्ण चंद्र श्रीवास्तव के भी बैंक के भीतर से टप्पेबाज ने बैग काटकर 25 हजार रुपये उड़ा दिए थे। इसी तरह दो रोज पहले जालौन में इलाहाबाद बैंक की मंडी शाखा से दो लाख रुपया निकालकर बस से घर जा रहे किसान दमरास गांव निवासी सुरेंद्र सिंह के साथ टप्पेबाजी हो गई। टप्पेबाज दो लाख रुपये से भरा किसान का थैला लेकर चंपत हो गई। किसान ने वारदात की जानकारी कोतवाली पुलिस को दे दी थी। पुलिस इनमें से किसी भी मामले का अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है। इससे लोगों में खासी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि बस स्टैंड व टेंपो स्टैंड पर सादी वर्दी में पुलिस तैनात कर टप्पेबाजों का पता लगाए।