कोंच (जालौन)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बिजली समस्या पर आक्रोश जताते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम जलराजन चौधरी को सौंपा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक आनंदप्रताप सिंह चौहान, प्रांत सहमंत्री प्रशांत द्विवेदी के अलावा गौरव सोनकिया, चिराग उदैनिया, अंकित रावत, आलोक दूरवार, शिवम गुप्ता आदि ने ज्ञापन देकर कहा कि अंधाधुंध बिजली कटौती से हर ओर हाहाकार मचा है। बामुश्किल आठ घंटे ही बिजली पा रही है। बिजली समस्या का जल्द ही निदान न किया गया तो यह समस्या सरकार के लिए भी संकट का कारण बन सकती है। ज्ञापन में पांच बिंदुओं पर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा गया है कि 16 घंटे के रोस्टर में बामुश्किल आठ घंटे बिजली ही कई टुकड़ों में मिल पा रही है, समूची तहसील में जगह-जगह बिजली की लाइनें टूटी पड़ी हैं जो आए दिन दुर्घटनाओं को न्योता दे रही हैं, ट्रांसफार्मरों का रखरखाव मात्र कागजों में हो रहा है, जिससे आए दिन ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं, तमाम जगह बिजली के खंभे ही नहीं हैं तो कहीं टूटे खंभों से काम चलाया जा रहा है। ज्ञापन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मांग की है कि बिजली समस्या से जल्द निजात दिलाया जाए।