बंगरा/उरई(जालौन)। जालौन बंगरा मार्ग स्थित गांव रूरा सिरसा के पास तेज रफ्तार बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अन्य हादसों में दंपति सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
माधौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रुदपुरा निवासी विनय प्रताप (25) गांव के ही दिनेश (25) के साथ मंगलवार की दोपहर तकरीबन एक बजे बाइक से उरई जा रहे थे। माधौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रूरा सिरसा के पास एक गली से तेज रफ्तार बाइक लेकर गांव का आशीष प्रताप (18) पुत्र शिवपाल निकला। दोनों बाइकों की भीषण भिड़ंत हो गई जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान आशीष की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर भेंड कोंच निवासी बुद्ध सिंह अपनी पत्नी नीतू के साथ बाइक से रिश्तेदारी में राठ जा रहे थे तभी तेज रफ्तार ट्रक चालक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी जिससे दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर दबोह भिंड निवासी 26 वर्षीय प्रमोद लौना गांव के पास बाइक से गिरकर घायल हो गया।