कोंच (जालौन)। अमरचंद्र महेश्वरी इंटर कालेज में परीक्षा के दौरान दो परीक्षकों को एसडीएम वैभव मिश्रा की संस्तुति के बाद केंद्र व्यवस्थापक ने डिबार कर दिया।
बोर्ड परीक्षा के दूसरे दिन बुधवार को पहली पाली में हाईस्कूल की संगीत वादन और इंटर की गृह विज्ञान की परीक्षा हुई। परीक्षा केंद्रों के गेट पर परीक्षार्थियों की तलाशी ली गई। चार सचल दल 6 जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों में चक्कर लगाते रहे। हाईस्कूल के संगीत वादन और इंटर में गृह विज्ञान प्रथम प्रश्न पत्र होने से परीक्षार्थियों की संख्या पहले से कम नजर आई।
एसडीएम के निरीक्षण के समय दोनों परीक्षकों की उपस्थित में बच्चे बात करने लगे थे। एसडीएम ने दोनों परीक्षकों के नाम पूछ कर विद्यालय की शिकायत पुस्तिका में दर्ज कर दिया कि दोनों ही परीक्षकों को तुरंत डिबार किया जाए और उनसे भविष्य में भी ड्यूटी न कराई जाए। संस्तुति के बाद केंद्र व्यवस्थापक ओमप्रकाश ने दोनों परीक्षकों को बाहर का रास्ता दिखाते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक को भी इस आशय के साथ अवगत करा दिया है कि ड्यूटी के लिये अन्य परीक्षकों की व्यवस्था तत्काल कराई जाये।
उधर, मंगलवार को दूसरी पाली में इंटर के 318 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी थी। जबकि सुबह की पाली में में 2326 ने परीक्षा छोड़ दी थी। इससे अब तक परीक्षा छोड़ने वाले कुल परीक्षार्थियों की संख्या 2644 हो गई है।