मुहम्मदाबाद (जालौन)। श्रीराम जानकी मंदिर में दो दिवसीय दिवारी नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मौखर ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इसमें आसपास के जिलों की दर्जन भर टीमों ने शिरकत की।
डकोर ब्लाक के ग्राम मुहम्मदाबाद में हर साल एकादशी के दिन दिवारी नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। यहां मेला भी लगता है। दो दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में बुंदेलखंड के कई जिलों की टीमें आती हैं। शनिवार को नृत्य प्रतियोगिता का उद्घाटन सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मौखरी ने किया। इस अवसर पर मौखरी ने कहा कि बुंदेलखंड की कई परंपराएं अब खत्म होती जा रही हैं। दिवारी नृत्य में युवाओं ने जो उत्साह दिखाया, वह प्रशंसनीय है। यह अच्छी बात है कि ग्रामीण युवा इस परंपरा को आज भी कायम रखे हैं। जिला युवजन सभा के उपाध्यक्ष फरहत उल्ला ने कहा कि ऐसे आयोजनों से भाईचारा बढ़ता है। उद्घाटन अवसर पर मुहम्मदाबाद और कहटा की टीमों ने दिवारी नृत्य में अपने-अपने करतब दिखाकर लोगों का मन मोह लिया। इसके अलावा रामपुरा, जैसारी खुर्द, इटौरा, गुढ़ा खुर्द, इटौरा, डकोर, अतरा, झांसी की टीमों के बीच भी मुकाबला हुआ। आयोजन समिति को सुरेंद्र मौखरी ने 5100 रुपए की सहयोग राशि प्रदान की। इस मौके पर अशोक राजपूत, उमेश उपाध्याय, राजवीर सिंह, विक्रम राजपूत, अनिल, वीपी सिंह, महेंद्र, जावेद भी मौजूद रहे। निर्णायक मंडल में आत्माराम राजपूत, रामदास राजपूत, देवेंद्र राजपूत थे। संचालन बिहारी लाल राजपूत और कृष्णदत्त तिवारी ने किया।