उरई। कालपी रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी गुरुवार को जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की ओर से सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 964 जोड़े एक साथ वैदिक रीति से विवाह बंधन में बंधेंगे। इस बार शासन ने मिलने वाले अनुदान को दो गुना एक लाख कर दिया है।
आयोजन को लेकर मंडी परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है। मंडप, विवाह मंच और स्वागत द्वारों को फूलों और झालरों से सजाया जा रहा है। जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की टीम लगातार तैयारियों की निगरानी कर रही है।
समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि शासन की मंशा है कि कोई भी गरीब परिवार आर्थिक तंगी के कारण बेटी का विवाह न रोक पाए। सामूहिक विवाह योजना से न केवल सामाजिक एकता को बल मिलता है, बल्कि विवाह पर होने वाले अनावश्यक खर्चों में भी कमी आती है।
समारोह में जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारीगणों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। विवाह संस्कार पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराए जाएंगे। साथ ही नवविवाहित जोड़ों के लिए भोजन, आवास और स्वागत की विशेष व्यवस्था की गई है।
बताया कि पहले कन्या की शादी में शासन की ओर से 50 हजार रुपये दिए जाते थे। अब इसको दोगुना कर दिया गया है। बताया कि अब कन्या के खाते में 60 हजार रुपये व 25 हजार का सामान व उसके आयोजन में 15 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।