उरई। झांसी से आई वाणिज्य कर विभाग की टीम ने बुधवार देर रात शहर के रामनगर बंबी रोड निवासी लोहा व्यापारी के घर, दुकान व दो गोदामों में छापेमारी की। टीम ने छापेमारी के दौरान लोहा व्यापारी की दुकान व गोदामों को सीज कर दिया। रात में ही टीम कई कागजात व स्टाक रजिस्टर लेकर झांसी चली गई। सीज गोदामों में करीब 50 लाख का माल बताया जा रहा है।
शहर के रामलीला मैदान में सराय एंड संस के नाम से दिलीप कुमार की लोहे की दुकान है। दिलीप जिले के सबसे बड़े लोहा व्यापारी माने जाते है। टैक्स चोरी के शक में बुधवार देर रात झांसी वाणिज्य कर विभाग की तीन टीमों ने व्यापारी के घर, दुकान व गोदाम में एक साथ छापा मारा। बता दें कि व्यापारी की एक दुकान व गोदाम रामलीला मैदान में जबकि एक बड़ा गोदाम बंद पड़ी अनुराधा टाकीज में स्थित है।
सूत्रों की मानें तो टीम ने व्यापारी की सभी दुकान व गोदामों पर एक साथ छापेमारी की। जिसमें दुकान व अन्य दो गोदामों में रखे लगभग 50 लाख के माल को सीज किया गया। जिसमें दो ट्रक भी शामिल है जिनमें लोहे के पाईप लदे हैं। कार्रवाई के बाद टीम अपने साथ टैक्स से कई कागजात व स्टाक रजिस्टर अपने साथ ले गई।
एडिशनल कमिश्नर एसआईबी राजेश कटियार झांसी ने बताया कि सूचना मिली थी कि लोहा व्यापारी बिना बिल के माल बेचकर लाखों की टैक्स चोरी कर रहा है, जिस पर छापा मारा गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल जांच की जा रही है। जांच व माल की गिनती में जो भी टैक्स चारी उजागर होगी। उसके अनुसार व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। व्यापारी के घर एसआईबी के छापे से शहर के व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।