कोंच (जालौन)। लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए तहसीलदार कौशल कुमार ने मतदाता जागरुकता अभियान शुरू किया। इसमें बीहड़ में बसे गांवों के लोगों को मतदान का महत्व समझाया वहीं स्कूली बच्चों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें अपने घरों के बड़े बुजुर्गों को मतदान के दिन वोट डालने को प्रेरित करने के लिए कहा।
विकासखंड नदीगांव के ग्राम बावली के प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय के परिसर में गोष्ठी हुई। जिसकी अध्यक्षता तहसीलदार और संचालन पीएलवी जगपाल सिंह यादव ने किया। वक्ताओं ने ग्रामीणों से कहा कि मतदान दिवस पर अपना वोट डालने जरूर जाएं। मतदान उनका संवैधानिक अधिकार है। अधिकारियों ने बताया कि बीहड़ क्षेत्र में हर बार मतदान का प्रतिशत काफी कम रहता है, इसलिए इस बार इन्हीं क्षेत्रों में मतदाता जागरुकता के लिए अधिक प्रयास किए जा रहे हैं।
जिसका बेहतर परिणाम भी तभी सामने आएगा, जब बीहड़ पट्टी के लोग भी बढ़ चढ़ कर मतदान में हिस्सेदारी करेंगे। बच्चों से भी चुनाव को लेकर सवाल जवाब किए गए। बच्चों से कहा गया कि वे घरों पर अपने माता पिता और दादा दादी को भी मतदान के प्रेरित करें। वरिष्ठ अधिवक्ता ओमप्रकाश कौशिक, प्रधानाध्यापक अजयकुमार सिंह ने भी मतदान के लिए लिए जागरूक किया। इस दौरान पीएलवी स्नेशराजा, विमल कुमार राठौर, देवेंद्र आजाद, अलका भारतीय, बृजेंद्र सिंह, अमित कुमार, संदीप कुमार, सोमेश, नंदकिशोर, सुनेश, सुल्तान, संघप्रिय गौतम, विशाल आदि मौजूद रहे। ग्राम प्रधान नरेश मिश्रा ने आभार जताया।