उरई। जम्मू में हो रही बारिश और भूस्खलन की वजह से जम्मू वैष्णो देवी, कटरा, अमृतसर, हरिद्वार जाने वाले यात्री अपने टिकट निरस्त कर रहे हैं। मंगलवार व बुधवार को मिलाकर दो दिन में लगभग 80 यात्रियों ने 122410 मूल्य के टिकट वापस किया। इस पर उनको रेलवे द्वारा पूरा रिफंड दिया गया।
बता दें कि यात्रियों में दो महीने पहले घूमने का प्लान बनाकर टिकट करवाए थे, लेकिन अचानक बारिश और भूस्खलन के वजह से जम्मू प्रशासन ने यात्रा को रोक दिया। इसके साथ ही रेलवे ने भी जम्मू की ओर जाने वाली सारी ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। यात्रियों का कहना है कि उन्होंने जम्मू के अलावा अमृतसर का स्वर्ण मंदिर जलियांवाला बाग, हरिद्वार ऋषिकेश जैसे पर्यटक स्थल और तीर्थ स्थल पर जाने के लिए टिकट कर रखे थे। मौसम की वजह से पूरा घूमने का प्लान चौपट हो गया है। इधर सीबीपीएस हरिमोहन शर्मा ने बताया कि अभी तक लगभग 200 यात्रियों ने यात्रा रद्द की है। उन्होंने बताया कि रेलवे ने अभी तक दो लाख मूल्य के लगभग टिकट वापस किए जा चुके हैं। (संवाद)