कोंच। सड़कों को गड्ढामुक्त करने के नाम पर लीपापोती के मामले में बुधवार को ठेकेदार ने भी एसडीएम को शिकायती पत्र देकर सभासद पर पैसे मांगने का आरोप लगाया है। दरअसल, मंगलवार को सभासद ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर त्योहारों के लिए कराए गए काम में खानापूरी करने का आरोप लगाया था। साथ ही जांच की मांग की थी।
बुधवार को एसडीएम ज्योति सिंह से की गई शिकायत में ठेकेदार जितेंद्र सिंह ने कहा कि सभासद विनोद सोनी ने उनसे रुपये की मांग की। मांग पूरी न करने पर सभासद द्वारा नगरपालिका कार्यालय व उसकी (ठेकेदार) की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है। ठेकेदार ने सफाई दी कि नगरपालिका के अवर अभियंता द्वारा उन्हें जिस तरह से काम करने के लिए आदेशित किया गया था उसी अनुरूप काम कराया गया है।
उधर, सभासद विनोद सोनी का कहना है कि ठेकेदार जितेंद्र सिंह द्वारा लगाए गए सभी आरोप फर्जी हैं। काम सही से न करना पड़े इसके चलते वह उन पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। ठेकेदार द्वारा पहले भी कई बार फर्जी कामों के भुगतान कराए जा चुके हैं। ठेकेदार के द्वारा कराए गए कामों की अगर निष्पक्ष जांच हुई तो मामलों में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
वर्जन
सभासद व ठेकेदार द्वारा शिकायती पत्र दिए गए हैं। इस पूरे मामले को लेकर नगर पालिका ईओ व पीडब्ल्यूडी के जेई को जांच सौंपी गई है।
ज्योति सिंह, एसडीएम कोंच