उरई। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर दो दिवसीय बैंक हड़ताल शुक्रवार को शुरू हो गई। बैंक यूनियन के पदाधिकारियों के अनुसार बंदी से जिले में पहले दिन 75 करोड़ का लेन देन प्रभावित रहा। हड़ताल को लेकर अधिकांश बैंक कर्मचारियों ने बैंक के बाहर ताला बंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। हड़ताल की वजह से ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस के तत्वावधान में शुक्रवार को जिले की राष्ट्रीयकृत बैंकों में हड़ताल रही। मांगों में पर्याप्त लोडिंग के साथ पे स्लिप पर 20 फीसदी वृद्धि का वेतन समझौता, पांच दिवसीय बैंकिंग, मूल वेतन के साथ विशेष भत्ते का विलय, नई पेंशन योजना समाप्त हो, पेंशन का समय रिवीजन, पारिवारिक पेंशन में सुधार, लाभ के आधार पर कल्याण कोष का आवंटन, लीव बैंक का सृजन आदि शामिल है। एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक, इलाहाबाद बैंक, विजय बैंक सहित कई बैंकों में ताला बंदी रही।
जिससे ग्राहकों को लेन देने के लिए भटकना पड़ा। शहर में सभी बैंक यूनियन के कर्मचारियों ने एसबीआई मुख्य शाखा परिसर में धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी भी की। धरना सभा की अध्यक्षता यूनियन के अध्यक्ष एनएस मिश्रा ने की। सभा में एसबीआई के बैंक मैनेजर अजय सिंह ने कहा कि बैंक कर्मी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन कर्मचारियों की परेशानी व मांगों पर किसी ने भी ध्यान नहीं दिया, जिस पर मजबूरन संगठन को बंद का आह्वान करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारियों की 20 वेतन वृद्धि की मांग पर अब तक ध्यान नहीं दिया गया, जबकि यह उनका जायज हक है। बैंक बंदी की आम लोगों को जानकारी न होने से उन्हें नगदी के लिए भटकना पड़ा। इसके साथ साथ शहर के व्यापारियों को भी खासी परेशानी हुई। व्यापारी दिनेश, हिमाशु गुर्जन, रामू महेश्वरी आदि का कहना है कि दो दिन की बैंक हड़ताल के बाद रविवार की बैंक छुट्टी होने से व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। लगातार तीन दिन बैंक बंदी से उनका व्यापार भी प्रभावित होगा।
बजरिया के रफीक का कहना है कि उन्हें कैश की जरूरत थी, लेकिन बैंक बंदी के साथ एटीएम में भी पैसा नहीं मिला। शहर के अधिकांश एटीएम या तो बंद रहे या फिर उनमें कैश न होने का बोर्ड लगा है। इससे उन्हें नगदी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। कुसमिलिया निवासी शंकर सिंह का कहना है कि गुरुवार को उनकी बेटी की शादी थी, जिस कारण उन्हें कई लोगों का भुगतान करना था। बंदी की जानकारी न होने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एसबीआई बैंक के एटीएम में पड़ा ताला- फोटो : ORAI
स्टेशन रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के गेट पर लगा हड़ताल का बैनर- फोटो : ORAI