उरई। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई है। बोर्ड ने जिले में हाईस्कूल इंटर के परीक्षार्थियों के लिए 73 परीक्षा केंद्र घोषित कर दिए हैं। घोषित किए गए परीक्षा केेंद्रों पर 30 जनवरी तक आपत्तियां मांगी गई है।
डीआईओएस भगवत पटेल ने बताया कि जिले में इस बार यूपी बोर्ड मुख्यालय इलाहाबाद ने मानक के अनुसार पाए गए 73 कालेजों को यूपी बोर्ड का परीक्षा केंद्र बनाने का निर्णय लिया है। इन कालेजों में सात राजकीय, 42 एडेड विद्यालय व 24 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। इन केंद्रों पर हाईस्कूल के 21,016 व इंटरमीडिएट के 20,193 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इन परीक्षा केंद्रों पर 30 जनवरी तक आपत्तियां मांगी गई हैं।
आपत्तियों के निस्तारण के बाद केंद्रों की फाइनल सूची जारी कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र बनाने में ऑनलाइन आवेदन किए गए थे। इसके बाद तहसील स्तरीय एसडीएम के नेतृत्व वाली टीम ने परीक्षा केंद्रों में जाकर मानकों की जांच कर अपनी रिपोर्ट लगाई थी। इसके बाद ही परीक्षा केंद्र मुख्यालय भेजे गए थे। मुख्यालय से 73 केंद्रों की सूची जारी हुई है। अब आपत्तियों के बाद फाइनल केंद्र घोषित कर दिए जाएंगे।