पंचायत चुनाव के आखिरी चरण का मतदान 29 अक्तूबर को होगा। दो विकास खंड क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। पोलिंग पार्टियों के लिए मंगलवार को चुनाव सामग्री जिला मुख्यालय से ब्लाक मुख्यालय पर भेज दी गई है। पोलिंग पार्टियों को बुधवार को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।
पंचायत चुनाव के आखिरी चरण में छह जिला पंचायत व 151 क्षेत्र पंचायत सीटों के लिए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुपर जोनल व जोनल मजिस्ट्रेट पूरे समय नजर रखेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी रामगणेश ने इसके लिए निर्देश भी दे दिए है। मंगलवार को चुनाव सामग्री ब्लाक मुख्यालय पर भेजने की कवायद में अधिकारी जुटे रहे। महेबा ब्लाक क्षेत्र के लिए कालपी मंडी समिति में बनाए गए स्ट्रांग रूम में मतपेटियों व चुनाव सामग्री को भेजा गया।
इस क्षेत्र के लिए 486 मतपेटी भेजी गई है। कदौरा ब्लाक क्षेत्र के लिए स्वर्गीय गफूर खां महाविद्यालय में बने केंद्र के लिए सामग्री भेजी गई है। इस क्षेत्र के लिए 687 मतपेटियां व अन्य सामग्री भेजी गई है। बुधवार को सुबह आठ बजे से 162 पोलिंग पार्टियों महेबा ब्लाक क्षेत्र से भेजने की प्रक्रिया शुरू होगी।
इसी तरह कदौरा ब्लाक क्षेत्र के लिए 229 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एसपी सिंह का कहना है कि पीठासीन अधिकारी व मतदान कर्मी समय से पहुंचे, जिससे पोलिंग पार्टियों को रवाना करने में अड़चन न आ सके।