मुहम्मदाबाद। डकोर क्षेत्र के बंधौली गांव में अलखराम बाबा धर्मस्थान में मकर संक्रांति पर दो दिवसीय राज्य स्तरीय दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा एवं पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि विजय चौधरी ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर किया।
दंगल के पहले दिन पहलवानों के बीच दो दर्जन से अधिक कुश्तियां हुईं। जिसमें पहलवानों ने निकाल दांव, कलाजंग, जांघिया, टंगी (ईरानी), सांडीतोड़, बगलडूब आदि दांवपेंचों से दर्शकों में जोश भर दिया।
दंगल के पहले दिन रविवार को पहली और सबसे बड़ी कुश्ती 21 हजार रुपए के लिए संदीप राणा कुठौंदा शिवकुमार साधरा के बीच हुई। यह कुश्ती बराबरी पर छूटी। इसके बाद 11 हजार रुपये की कुश्ती में पुष्पेंद्र उरई ने मुनीष शिवली को पटकनी देकर कुश्ती जीती। इसी तरह 1,500 रुपये की कुश्ती में जावेद गोरखपुर ने लोकेंद्र जालौन को धूल चटाकर जीत हासिल की।
2,000 की कुश्ती में प्रीतम हरदोई ने अनुज औरैया को हराया। रेफरी की भूमिका में भूरा जराखर रहे। कुश्ती देखने डकोर क्षेत्र के गांवों से ट्रैक्टर-ट्रालियों में लोग भरकर दंगल देखने पहुंचे। इस दौरान प्रधान रघुवीर यादव, ब्रजभान राजपूत गोरन, शिवनंदन, बुद्ध सिंह,जाहर सिंह, विशाल राजपूत, डिंपल गुर्जर, शिव सोनी, विक्रम राजपूत, आकाश यादव, रवि राजपूत व सुबोध आदि मौजूद रहे।