माधौगढ़। उप डाकघर में 15 दिन से सर्वर न आने से रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट, पार्सल व मनी ऑर्डर नहीं हो पा रहे हैं। क्षेत्र की जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि उप डाकघर में सात शाखा डाकघर सहित लगभग 22 गांव आते हैं। साथ ही मंडी, तहसील, ब्लॉक, महाविद्यालय, पॉलीटेक्निक सहित दर्जन भर सहकारी, अर्द्ध सहकारी संस्थाएं हैं। फिर भी उप डाकघर में 15 दिन से सर्वर न आने से अधिवक्ता, व्यवसायी, दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बारसंघ अध्यक्ष संदीप मिश्रा, अधिवक्ता विपिन कुमार सिंह, धर्मेद्र सिंह व अंकित स्वर्णकार आदि का कहना है कि उप डाकघर में सर्वर न आने से नोटिस की रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। जिससे मुवक्किल को जानकारी न मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मनी ऑर्डर, स्पीड पोस्ट व पार्सल न होने से क्षेत्र की जनता परेशान हैं।
पोस्ट मास्टर दीपचंद साहू का कहना है कि सर्वर न आने की जानकारी उच्चाधिकारियों को अवगत करा दी गई है। सर्वर आते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।