कोंच (जालौन)। अमर उजाला के महाभियान अपराजिता के अंतर्गत सेठ बद्री प्रसाद स्मृति डिग्री कालेज में पुलिस की पाठशाला में कालेज की छात्राओं ने पुलिस की कार्य प्रणाली संबंधी सवाल पूछे। सवालों का सीओ शीशराम सिंह और कोतवाल संजय गुप्ता ने बखूबी जवाब भी दिया।
सीओ ने कहा कि कभी भी कहीं दिक्कत हो तो पुलिस के नंबर 1090,181 व 112 की मदद ली जा सकती है। इसके अलावा यातायात नियमों की भी जानकारी दी। कालेज प्रबंधन ने अमर उजाला के प्रयास की सराहना कर पुलिस अधिकारियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित भी किया। छात्रा प्राची पटेल, निहारिका सोनी और मंजूश्री आदि ने सवालों का सिलसिला शुरू किया।
सीओ ने बताया कि पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए कुछ नंबर जारी किए हैं। जिनका प्रयोग जब कभी भी दिक्कत हो तो किया जा सकता है। पुलिस तत्काल मदद को पहुंचेगी। छात्राओं को चाहिए कि घर हो या बाहर कहीं भी किसी तरह का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करें। छात्राओं की शिकायत पर पुलिस तुरंत करवाई करती है।
इसी कड़ी में कोतवाल ने कहा कि छात्राएं अपने घरों में पिता और भाइयों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें, क्योंकि नियम उन्हीं की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। बाइक चलाएं तो हेलमेट और कार चलाएं तो सीट बेल्ट का जरूर इस्तेमाल करें। सड़क पर चलते समय पूरी सावधानी बरतें। इस दौरान कालेज प्रबंधन की ओर से प्राचार्या डॉ सावित्री गुप्ता, कॉर्डिनेटर कंन्हैया नीखर, डॉ मृदुल दांतरे, ब्रजेन्द्र सहिं, धर्मेन्द्र निरंजन, डॉ सरताज, अखिलेश, संतोष, मंगल सिंह, अजय, दिनेश अग्रवाल आदि रहे।