उरई। जनपद की जालौन-गरौठा- भोगनीपुर लोकसभा चुनाव के लिए 20 मई को मतदान होना है, पुलिस की कड़ी सुरक्षा के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में प्रथम दिन नामांकन प्रक्रिया पूर्ण की गई। नामांकन पत्र दाखिल करने के पहले ही दिन भाजपा प्रत्याशी भानु प्रताप वर्मा ने अपने नामांकन का पहला सेट दाखिल कर दिया। वहीं, बसपा प्रत्याशी ने आरओ कार्यालय पहुंच कर नामांकन पत्र लिया। इस दौरान निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी नामांकन पत्र कार्यालय से प्राप्त किए। पहले दिन कुल 21 नामांकन पत्र खरीदे गए।
नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन भाजपा प्रत्याशी भानु प्रताप वर्मा ने दोपहर तीन बजे कलेक्ट्रेट परिसर में आर ओ कार्यालय पहुंच कर अपना पहला नामांकन पत्र दाखिल कर दिया।भाजपा प्रत्याशी के साथ उनके प्रस्तावक भी मौजूद रहे।
लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 को निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न करने के लिए 26 अप्रैल को अधिसूचना जारी की गई, जिला निर्वाचन अधिकारी ने सहायक रिटर्निग ऑफिसर सुरेश कुमार पाल को नियुक्त किया। जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पांडेय से कक्ष में 09 प्रत्याशियों ने 21 नामांकन पत्र प्राप्त किए, इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह वर्मा ने नामांकन दाखिल किया।
जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय कक्ष संख्या-13 में सुबह भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह वर्मा ने 01 सेट, बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी सुरेश चंद्र गौतम ने 02 सेट, समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी नारायनदास अहिरवार ने 04 सेट, स्वतंत्र जनता राज्य पार्टी के प्रत्याशी सीताराम ने 01 सेट, आल हिंद पार्टी के प्रत्याशी गंगा सिंह ने 04 सेट, भारतीय सत्य चेतना पार्टी के प्रत्याशी नागेंद्र कुमार ने 01 सेट, निर्दलीय प्रत्याशी दल सिंह ने 04 सेट, निर्दलीय प्रत्याशी चंद्रभान ने 02 सेट में पर्चा खरीदा। जिसमे से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह वर्मा ने 01 सेट दाखिल किया।