कोंच। शादी अनुदान दिलाने का लालच देकर एक युवक ने गरीब महिला से 20 हजार रुपये हड़प लिए। पैसे न मिलने से गरीब की बेटी की शादी भी टूट गई। महिला ने एसडीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बोहरा निवासी महिला रामप्यारी ने शनिवार को एसडीएम ज्योति सिंह को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह मेहनत मजदूरी करती है। उसकी बेटी नेहा की शादी 8 मई को होनी थी। नदीगांव निवासी एक युवक ने शादी अनुदान योजना के तहत बेटी को ढाई लाख रुपये दिलाने का लालच देकर उससे बीते 3 माह पूर्व जरूरी कागजातों के साथ 20 हजार रुपये ले लिए, लेकिन शादी अनुदान का लाभ नहीं मिला। आर्थिक संकट होने से उसकी बेटी की शादी भी टूट गई।
युवक से जब उसने अपने दिए हुए रुपये वापस करने का दबाव बनाया तो उसने शादी अनुदान के तहत पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये की चेक जारी होने की बात कहकर उसे एक चेक थमा दी। चेक लेकर महिला बैंक पहुंची जहां, वह चेक फर्जी पाई गई। पीड़ित रामप्यारी ने एसडीएम से कार्रवाई की गुहार लगाई है।