माधौगढ़/कुठौंद। माधौगढ़ के सुल्तानपुरा में संचालित स्कूल एमएस विद्यापीठ व कुठौंद के सेंट पब्लिक एकेडमी, मदनेपुर के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने वायुसेना का पराक्रम दिखाकर लोगों में देश भक्ति का जोश भरा तो तालियों की गड़गड़ाहट से सभागार गुंजायमान हो गया।
एमएस विद्यापीठ में छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी। मुख्य अतिथि विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि शिक्षकों को चाहिए कि बच्चों को किताबी ज्ञान के अलावा संस्कार परक शिक्षा दें, जिससे समाज में उनका स्तर ऊंचा हो सके। विशिष्ट अतिथि रवीन्द्र सिंह हरोली ने कहा कि शिक्षकों को अपनी भूमिका एवं कर्तव्यों का बोध होना चाहिए।
स्कूल के छात्र छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, लोकगीत, राष्ट्रीय गीत, सैनिक गीत, नृत्य आदि प्रस्तुत किए। स्वागत गीत में फूलों में खुशबू चमन में बाहर, स्वागत करें हम अतिथियों का सुनाकर मन मोह लिया। प्रधानाचार्य सूर्यजेंद्र भदौरिया ने आभार जताया। इस दौरान आशीष सिंह, अश्वनी सिंह, गीता, नम्रता, विकास सिंह, जंगबहादुर सिंह, मनीष आदि मौजूद रहे।
वहीं कुठौंद के सेंट पब्लिक एकडमी मदनेपुर का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय के छात्रों ने वायु सेना की ओर से पाक के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने पर मेरी जान तिरंगा है मेरी शान है तिरंगा...पर करतब दिखाकर देश भक्ति की भावना से दर्शकों में जोश भर दिया। छात्र छात्राओं ने झांसी की रानी, बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ, सीमा पर चल रहे तनाव पर नन्हे छात्र योगी मिश्रा ने पाक को ललकारते हुए अपने ओजस्वी विचार सुनाए। विद्यालय के प्रबंधक कौशल किशोर संत ने आभार जताया।