उरई। राजकीय मेडिकल कॉलेज में कनिष्ठ छात्रों से रैगिंग के मामले में कॉलेज प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को 17 वरिष्ठ छात्रों को तीन माह के लिए निलंबित कर दिया है। प्रत्येक छात्र पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। एंटी रैगिंग कमेटी की विस्तृत जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है।
मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2025 बैच के कनिष्ठ छात्रों से रैगिंग का वीडियो वायरल होने के बाद प्रकरण चर्चा में आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने जांच शुरू कराई। एंटी रैगिंग कमेटी ने प्रकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जांच की और रिपोर्ट कॉलेज प्रशासन को सौंपी। जांच में पहले सामने आए सात छात्रों के अलावा 10 अन्य छात्रों की भूमिका भी सामने आई। इसके बाद कार्रवाई के दायरे में आने वाले छात्रों की संख्या बढ़कर 17 हो गई।