कोंच। चुनाव में भी प्रशासन बीहड़ के ग्रामीण इलाकों की सुध नहीं ले रहा है। यही वजह है कि बीहड़ के ग्रामीण इलाकों में स्थित बूथों के इंतजाम आधे अधूरे हैं। कहीं छाया का इंतजाम नहीं है तो कहीं पानी की कमी है और कहीं पर गंदगी पड़ी है। चुनाव प्रेक्षक ने कोंच व नदीगांव के बीहड़ में बसे गांवों के बूथ देखे। बूथों पर मिली कमियां देखकर नाखुश चुनाव प्रेक्षक एनबीएस राजपूत ने एसडीएम को व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की निर्देश दिए हैं।
चुनाव प्रेक्षक एनबीएस राजपूत ने ग्राम दिरावटी में अति संवेदनशील बूथ का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से समस्याएं पूछीं। लोगों ने बताया कि बीहड़ के गांवों की ओर कभी कोई ध्यान ही नहीं दिया गया। जिस कारण सड़कें बहुत खराब हैं, बूथ तक जाने में काफी परेशानी होगी। निरीक्षण के दौरान जहां छाया का प्रबंध नहीं दिखा वहां उन्होंने टेंट लगवाकर व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। प्रेक्षक ने पनयारा, तीतरा, गोरा, जरा, नदीगांव, सेठ विन्द्रावन इंटर कॉलेज कोंच आदि बूथ देखे।
नदीगांव में सफाई व्यवस्था ठीक न मिलने पर उन्होंने एसडीएम से नाराजगी भी जताई। नदीगांव में बूथों पर वीरप्रताप सिंह, सरस्वती नंदन, जितेंद्र नाथ, केशवेंद्र सिंह, पूरनलाल, अमित कुमार आदि बीएलओ मौजूद रहे। इस दौरान एसडीएम गुलाब सिंह, कोतवाल कोंच एलएन त्रिपाठी, नदीगांव थाने के कांस्टेबल लक्ष्मी प्रसाद, विपिन पाल, विजय प्रसाद, लेखपाल सदर नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। अंत में प्रेक्षक ने सभी गांवों में आम जनता के लोगों से भी बात की और मतदान में आने वाली समस्याओं के बाबत जानने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने उन्हें सड़क और पानी की समस्या से अवगत कराया।