उरई। जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर की अध्यक्षता में कोविड-19 टीकाकरण अभियान हेतु तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय टास्क फ ोर्स की तृतीय बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। बताया गया कि वैक्सीन के टीकाकरण लिए 15 स्थानों का चयन किया गया है।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सत्यप्रकाश ने बताया कि टीकाकरण हेतु गाइड लाइन अनुसार तीन कमरों का स्थान चयनित किया गया है। एक कमरे में वेटिंग रूम, दूसरे में सैनिटाइजेशन और तीसरे में टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए 15 स्थानों का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि वैक्सीन को 2 डिग्री सेल्सियस से 8 डिग्री सेल्सियस के तापमान में रखा जाना हैं। प्रथम चरण में मेडिकल स्टाफ का टीकाकरण किया जाएगा, द्वितीय चरण में सुरक्षा में लगे अधिकारियों कर्मचारियों का, इसके बाद आम जनमानस का टीकाकरण किया जाएगा।
टीकाकरण टीम के पांच सदस्यों को टीकाकरण की ट्रेनिंग दी जाए रही है। टीकाकरण के लिए एक बार में एक ही व्यक्ति कक्ष में जाएगा। उसकी फोटो आईडी की जांच के बाद ही उसे टीकाकरण कक्ष में प्रवेश मिलेगा। टीकाकरण के पश्चात वह व्यक्ति प्रतीक्षा कक्ष में कम से कम आधा घंटा विश्राम करेगा। ऐसा इसलिए कि कोई साइड इफैक्ट दिखने पर उसे उपचार दिया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार शुक्ला सहित समस्त उपजिलाधिकारी एवं सीएससी तथा पीएससी के चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।