उरई। जौलान भोगनीपुर गरौठा संसदीय सीट पर समाजवादी पार्टी का खाता खोलने वाले 2009 के सांसद घनश्याम अनुरागी ने अब बसपा के बाद भाजपा का दामन थाम लिया है। शनिवार को पूर्व सांसद को लखनऊ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई है। हालांकि पूर्व सांसद के भाजपा में शामिल होने के बारे में जनपद के किसी नेता ने फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है।
बता दें कि 2009 के चुनाव में सपा को पहली बार इस लोकसभा सीट पर जीत दिलाने वाले सांसद घनश्याम अनुरागी ही थे। इसके बाद 2014 में भी पार्टी ने उन्हें टिकट दिया लेकिन मोदी लहर में उन्हें भाजपा प्रत्याशी भानु से करारी हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2016 के जिला पंचायत के चुनाव में सपा ने पार्टी विरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए घनश्याम समेत पार्टी के चार पांच कद्दावर सपा नेताओं को सपा से निष्कासित कर दिया था।
कुछ दिन खाली बैठने के बाद 2018 की शुरूआत में घनश्याम साइकिल की सवारी छोड़कर हाथी पर चढ़ गए और बसपा पार्टी में शामिल हो गए। घनश्याम को पूरी उम्मीद थी कि 2019 के चुनाव में बसपा उन्हें प्रत्याशी बनाएगी, जिसकी उन्होंने तैयारी भी कर ली थी लेकिन ऐन वक्त पर बसपा का टिकट अजय पंकज के हाथ में चला गया।
तब से ही पूर्व सांसद अनुरागी भाजपा हाईकमान के चक्कर लगा रहे थे, दस बारह दिन पूर्व ही उनकी कानपुर में एक केंद्रीय मंत्री के साथ मीटिंग की तस्वीरें भी वायरल हुई थी, तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि घनश्याम कभी भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। अनुरागी 2000 से 2005 तक हमीरपुर से जिला पंचायत अध्यक्ष भी रहे हैं।