कार में युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ी गई युवती ने सोमवार रात थाने में खूब हंगामा काटा। करीब एक घंटे तक चले हाई प्रोफाइल ड्रामे के दौरान युवती ने एक महिला की पिटाई भी की।
बीच-बचाव करने पर महिला कांस्टेबलों और दरोगा को भी नहीं बख्शा। इस पर दरोगा ने युवती को चाटा जड़ दिया। बाद में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को जमानत पर परिजनों को सौंप दिया। मामला उत्तरप्रदेश के साहिबाबाद थाने का है।
लोगों का कहना था कि सोमवार रात साढ़े 10 बजे पार्क के बाहर नशे में धुत युवक-युवती कार में अश्लील हरकत कर रहे थे। दोनों आपत्तिजनक अवस्था में थे। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले गई।
काफी लोगों के साथ युवती को पकड़ने वाली महिला बबली चौहान भी थाने गई। इस घटनाक्रम से नाराज युवती रात 12.30 बजे गालीगलौज करते हुए बबली पर टूट पड़ी।
रोकने पर महिला कांस्टेबलों से मारपीट की और बीचबचाव करने आए दरोगा को धक्का दे दिया।
इस पर दरोगा ने युवती को चाटा मार दिया। इससे युवती और भड़क गई। इसके बाद उसके सामने जो भी आया उसके साथ गालीगलौज की।
युवती ने बताया कि वह गोवा की रहने वाली है और गाजियाबाद घूमने आई है। उसका दोस्त उसे पिक करने आया था।
पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय युवती दिल्ली के सीलमपुर की रहने वाली है। साथ में पकड़ा गया युवक दिल्ली के दिलशाद गार्डन निवासी है।
उधर, आला अधिकारियों ने भी मामले को जल्द से जल्द न निपटाने पर अफसरों की जमकर फटकार लगाई।
सीओ बॉर्डर अरविंद यादव ने बताया कि युवक-युवती के खिलाफ अश्लील हरकतें करने, सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों से हाथापाई का मुकदमा दर्ज किया गया है।
दोनों के परिजनों को बुलाकर मंगलवार सुबह चार बजे जमानत दे दी गई। वहीं, चर्चा है कि युवक व्यापार कर विभाग के एक उच्च अफसर का बेटा है। इसलिए पुलिस ने उसे रात में ही छोड़ दिया था, लेकिन पुलिस इस मामले में कुछ भी बोलने से बचती रही।
‘शराब पीना गलत है क्या’
युवती का कहना था कि शराब पीना गलत है क्या ? युवती ने अश्लील हरकत करने की बात को नकार दिया। उसने कहा कि वह कार से उतर रही थी, तभी पुलिस ने पकड़ लिया।
युवती ने कहा कि उसने सिर्फ शराब पी थी, जो कि गलत नहीं है।