होली मनाने के लिए लुधियाना (पंजाब) से एक निजी बस बुक कराकर 40 नेपाली यात्री अपने घर वापस नेपाल लौट रहे थे। गुरुवार की सुबह करीब सात बजे पीलीभीत में असम हाइवे पर स्थित मुजफ्फरनगर चौराहा के पास निजी बस की सामने से आ रहे ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज हुई कि दोनों वाहनों के अगले हिस्सों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटना स्थल पर चीख पुकार मच गई। घटना के बाद हाइवे पर वाहनों के पहिए थम गए। लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे में क्षेत्र के माधोटांडा थाना के गांव बंगला उर्फ मित्रसेन निवासी ट्रक चालक ज्वाला प्रसाद, बस चालक पंजाब के लुधियाना भगत सी नगर डुमी निवासी अजय, बस में सवार यात्री नेपाल के कपिलवस्तु निवासी विजय, कपिलवस्तु के गांव मोतीपुर निवासी राजाराम, जंगे चौधरी के पांच वर्षीय पुत्र नवीन, गोपाल, ओमबहादुर, पदम बहादुर समेत 28 यात्री घायल हो गए।
सूचना पर सीओ रमेश बाबू यादव कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए और घायलों को लोगों की मदद से सीएचसी भिजवाया। अस्पताल ले जाते समय ट्रक चालक 50 वर्षीय ज्वाला प्रसाद और बस यात्री नेपाल के कपिलवस्तु निवासी 40 वर्षीय विजय की मौत हो गई, जबकि बस चालक पंजाब के लुधियाना भगत सी नगर डुमी निवासी अजय यादव, नेपाल के कपिलवस्तु के गांव मोतीपुर निवासी राजाराम और नेपाल के थाना कपिलवस्तु के गांव मोतीपुर निवासी जंगे चौधरी के पांच वर्षीय पुत्र नवीन चौधरी के दोनों पैर टूट गए।
हालत गंभीर होने पर नेपाल के अरगाखांची के जनखेरी खमेरी निवासी 35 वर्षीय पदमा, वेगाशाह नेपाल के नीम बहादुर, मोतीपुर नेपाल के राजाराम, नवीन चौधरी, नेपाल के बरौला के चिंत बहादुर, डांडा गूंगा नेपाल के बसंतकुमार, नेपाल के बमशेरी के ओमबहादुर और बथाना चौक इटावा के अजय को रेफर कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।