आईआईटी के कैंपस प्लेसमेंट से पब्लिक सेक्टर यूनिट (पीएसयू) ने किनारा कर लिया है। सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश का हवाला देते हुए एनटीपीसी, बीएचईएल, एचएएल, सेल ने प्लेसमेंट से इंकार कर दिया है।
कंपनियों ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट ने कैंपस प्लेसमेंट पर रोक लगा दी है इसलिए पूरी प्रक्रिया में प्रतिभाग नहीं किया जा सकता है। पीएसयू के इस रुख से आईआईटी प्रशासन को झटका लगा है। इस ग्रुप की आठ कंपनियां प्लेसमेंट करने नहीं आ सकी हैं, जो कि हर साल आईआईटी के 30-35 स्टूडेंट्स को नौकरी देती थीं।
आईआईटी के प्लेसमेंट का फर्स्ट फेज 22 दिसंबर को पूरा होगा। इससे पहले ही 200 नेशनल, मल्टीनेशनल कंपनियों ने बीटेक, बीटेक-एमटेक डुवल डिग्री प्रोग्राम, एमबीए, एमएससी सहित अन्य पाठ्यक्रमों के 675 स्टूडेंट्स को नौकरी दे दी है।
ऑफर लेटर भी जारी कर दिया है। इस बार बीटेक-एमटेक डुवल डिग्री प्रोग्राम के दो स्टूडेंट्स को सर्वाधिक सालाना वेतन पैकेज 1.20 करोड़ रुपये मिला है। यह वेतन पैकेज ओरेकल ने आफर किया है। अमेरिका बेस्ड कंपनी रॉकेट फ्यूल ने दो स्टूडेंट्स को सालाना 80 लाख रुपये का वेतन पैकेज दिया है। प्लेसमेंट में बीटेक और बीटेक-एमटेक डुवल डिग्री प्रोग्राम कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के स्टूडेंट्स का दबदबा रहा है।
प्लेसमेंट अधिकारी प्रो. विमल कुमार ने बताया कि इस बार का प्लेसमेंट बढ़िया है। नौकरी के लिए 1104 स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था लेकिन 150 ने बायोडाटा ही अपलोड नहीं किया। 954 ने प्लेसमेंट प्रक्रिया में हिस्सा लिया है। इसमें से 675 को नौकरी मिल चुकी है, जो अब तक का सर्वाधिक है।
पिछले साल 18 दिसंबर तक 625 स्टूडेंट्स को नौकरी मिल पाई थी। इस बार का वेतन पैकेज भी अच्छा है। आर्थिक मंदी का असर कहीं नहीं दिख रहा है। 22 दिसंबर तक 25 और स्टूडेंट्स का कैंपस सेलेक्शन हो सकता है। ऐसा हुआ तो फर्स्ट फेज में ही 700 स्टूडेंट्स को नौकरी मिल जाएगी। यह रिकार्ड होगा। अभी तक फर्स्ट फेज में इतने स्टूडेंट्स को नौकरी नहीं मिली है। सेकेंड फेज का प्लेसमेंट 5 जनवरी से शुरू होगा, जो कि 28 फरवरी तक चलता रहेगा।