बिना बताए घर से तीन दिन तक बाहर रहने पर पति ने साले के साथ मिलकर पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। कत्ल से पहले उन्होंने महिला को बुरी तरह पीटा और चाकू भी मारा।
मृतका की मां ने दामाद और बेटे के खिलाफ कुतुबशेर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। दोनों आरोपी फरार हैं।
कुतुबशेर थाना क्षेत्र के मानकमऊ निवासी बशीर की बेटी समीना (35) का निकाह करीब 17 साल पूर्व भाऊपुर गांव के वहीद से हुआ था। वहीद के पांच बच्चे हैं। पति-पत्नी में काफी समय से मनमुटाव चल रहा था।
बताया जाता है कि तीन दिन पूर्व समीना पति और परिजनों को बिना बताए कहीं चली गई। शुक्रवार शाम वह मां के पास मानकमऊ वापस लौटी।
उसके आने का पता चलते ही पति वहीद और भाई इकराम घर पहुंचे। दोनों ने उससे बिना बताए घर से बाहर जाने के बारे में पूछा।
मां खातून की शिकायत के मुताबिक उसका दामाद और बेटा समीना को खींचकर कमरे में ले गए। वहां चारपाई पर गिराकर दोनों ने उसकी डंडों से बुरी पिटाई की और फिर चाकू से हमला करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
चीख पुकार पर अन्य लोग कमरे में पहुंचे तो उसका दामाद और बेटा वहां से भाग निकले। चारपाई पर समीना मृत पड़ी हुई थी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने खातून की तहरीर पर वहीद और इकराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।