सासनी में फंदे पर शव लटका मिलने के बाद मौके पर लगी भीड़। संवाद
- फोटो : Samvad
थाना इगलास क्षेत्र के गांव भटोई निवासी मनोज कुमार (48) पुत्र रामबाबू का शव मंगलवार दोपहर गांव हर्दपुर मार्ग पर गूलर के पेड़ से रस्से के सहारे लटका मिला। शव देख राहगीरों के होश उड़ गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे हर्दपुर मार्ग से गुजर रहे एक युवक की नजर गूलर के पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। उसने इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में ले लिया।
मृतक की पहचान मनोज कुमार पुत्र रामबाबू निवासी भटोई थाना इगलास, जिला अलीगढ़ के रूप में हुई। सूचना पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक हर्दपुर मार्ग पर किस तरह पहुंचा और उसने यह कदम क्यों उठाया, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोतवाली प्रभारी सनी पवार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।