सादाबाद में चीनी के गोदाम पर छापा मारती टीम। स्रोत : प्रशासन
- फोटो : Administration
चीनी की बढ़ती कीमतों और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को डीएम के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने सादाबाद में दो चीनी गोदामों पर छापा मारा। इस दौरान स्टॉक रजिस्टर में प्रविष्टियां पूरी तरह अपडेट नहीं मिलीं। टीम ने फर्म संचालक को भंडारण एवं स्टॉक की जानकारी नियमित रूप से ऑनलाइन फीड करने के निर्देश दिए।
नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारा, पूर्ति निरीक्षक गौरव माहेश्वरी, विपणन निरीक्षक पूजा शर्मा के नेतृत्व में टीम ने मथुरा-सादाबाद रोड स्थित मेसर्स वार्ष्णेय ट्रेडर्स के गोदाम का आकस्मिक निरीक्षण किया। मौके पर फर्म से जुड़े अतुल गोयल मौजूद मिले। स्टॉक ऑनलाइन अपडेट नहीं रहने पर टीम ने नियमित रूप से फीड करने के निर्देश दिए।
इसके बाद टीम ने जलेसर रोड स्थित नायरा एंड कंपनी के गोदाम का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। कार्रवाई से चीनी कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा। नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारा ने स्पष्ट किया कि चीनी की कीमतों में अनावश्यक वृद्धि, जमाखोरी और स्टॉक संबंधी अनियमितताओं पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।