वाहन चालकों की लापरवाही से मंगलवार को दो लोगों की जान चली गई। पहला हादसा मंगलवार सुबह मंडी समिति में हुआ, जहां सब्जी विक्रेता कल्लू (46) को मैक्स ने कुचल दिया। दूसरा हादसा मथुरा रोड स्थित गांव कछपुरा पर हुआ। यहां तेज रफ्तार बाइक ने दूसरे बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे रौकी (22) की मौत हो गई।
गली कौंजड़ान आगरा रोड निवासी कल्लू (46) मंडी समिति में फड़ लगाकर सब्जी बेचने का कार्य करते थे। बुधवार सुबह चार बजे वह रोजाना की तरह घर से निकले थे। सुबह करीब छह बजे वह फड़ से उठकर पेशाब करने के लिए मंडी के पिछले गेट पर गए थे। वहां से लौटते समय पीछे से आई मैक्स गाड़ी ने उन्हें रौंद दिया।
गाड़ी के दोनों पहिये कल्लू के ऊपर से निकल गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ई-रिक्शा चालक ने घटना देखी और शोर मचाकर लोगों को एकत्रित कर लिया। वाहन चालक को वहीं पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मथुरा रोड पर हुए हादसे में कछपुरा निवासी रौकी (22) की मौत हो गई। रौकी अपनी बाइक से बाल कटवाने के लिए निकले थे। गांव से निकलकर जैसे ही वह रोड पर आए तो हाथरस की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। इस बाइक पर तीन युवक सवार थे। गांव नगला नंदू के रहने वाले राजेश (24), नीरज (21) व लोकेश (17) हाथरस से गांव लौट रहे थे। बाइक राजेश चला रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार 80 से ऊपर थी। सीधे टक्कर से रौकी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीनों युवक भी घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान काफी संख्या में गांव कछपुरा के लोग पहुंच गए। रौकी दो भाइयों में छोटे थे और पेंट का काम करते थे। परिजनों ने बताया कि उनके रिश्ते की बात चल रही थी।
दोनों हादसों में मृत लोगों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिमांशु माथुर, सीओ सिटी