फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras News: नन्हे वैज्ञानिकों की कल्पनाओं ने भरी अंतरिक्ष की उड़ान

विज्ञापन
सेंट विवेकानंद पब्लिक स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करते अतिथि - फोटो : Organiser
विज्ञापन
सादाबाद। कल्पनाओं को वैज्ञानिक सोच का आधार मिला तो नन्हे वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष से लेकर आधुनिक तकनीक तक की दुनिया को मॉडलों में साकार कर दिया। किसी ने चंद्रयान-3 के जरिये भारत के अंतरिक्ष अभियान को दर्शाया तो किसी ने आदित्य एल-1, पल्सर और सौरमंडल के मॉडल से विज्ञान की बारीकियां समझाईं।
विज्ञापन

मौका था आगरा रोड स्थित सेंट विवेकानंद पब्लिक स्कूल में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी का। यहां बृहस्पतिवार को विद्यार्थियों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण ने अतिथियों व अभिभावकों को प्रभावित किया। क्षेत्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केंद्र, आगरा की ओर से आयोजित प्रदर्शनी में कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों ने जूनियर वर्ग और कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों ने सीनियर वर्ग में प्रतिभाग किया।
विद्यार्थियों ने आदित्य एल-1, पल्सर, कॉस्मिक लाइट हाउस, लेजर इंटरफेरोमीटर, ग्रैविटेशनल वेव ऑब्जर्वेटरी, चंद्रयान-3, सूर्यग्रहण, चंद्रग्रहण, स्पेस डेब्रिस कलेक्टर और सौरमंडल समेत विभिन्न विषयों पर मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली और उपयोगिता भी समझाई। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान की जानकारी देने के लिए मोबाइल प्लेनेटेरियम यानी मिनी तारामंडल का प्रदर्शन किया गया। साथ ही विषय विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक व्याख्यान दिए।
विज्ञापन

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विज्ञान संचारक बृजेश दीक्षित, विद्यालय प्रबंधक रामेश्वर सिंह जैसवाल, विज्ञान अधिकारी महादेव पाण्डेय और प्रधानाचार्य डॉ. जगदीश शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि बृजेश दीक्षित ने विद्यार्थियों के मॉडलों का अवलोकन कर उनकी मेहनत और रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय सभ्यता और ज्ञान परंपरा के अनुरूप वैज्ञानिक मॉडल तैयार करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य डॉ. जगदीश शर्मा ने भी विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और मेहनत की प्रशंसा की।

ये रहे विजेता
सीनियर वर्ग में अनन्या ग्रुप प्रथम, जाग्रति ग्रुप द्वितीय और अभिनव ग्रुप तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में अनुब्रत बख्शी ग्रुप ने प्रथम, साक्षी ग्रुप ने द्वितीय और देशांत ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन उपप्रधानाचार्य शिवनारायन शर्मा ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें