स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में रोडवेज बस में लुटेरों से मोर्चा लेने वाले सादाबाद के दो युवकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा तीन पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा सम्मान और पांच पुलिसकर्मियों को बेहतर सेवा के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
29 जून को यमुना एक्सप्रेस वे पर अज्ञात बदमाशों द्वारा रोडवेज बस में लूटपाट की कोशिश की गई थी। सादाबाद के योगेश पराशर और राजकुमार ने पुलिस को समय रहते सूचित कर दिया और बदमाशों से मुकाबला भी किया। दोनों युवकों की कोशिशों के कारण लुटेरे बस में लूटपाट नहीं कर पाए थे।
बदमाश चालक को पीटकर भाग निकले थे। एसपी डॉ.अजयपाल शर्मा के मुताबिक इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक नरेंद्रपाल सिंह और आरक्षी गिरेंद्र सिंह को सराहनीय सेवा सम्मान से नवाजा जाएगा। एचसीपी चंदनलाल, सिपाही विवेक कुमार, विजय कुमार, शिव कुमार और हरवीर सिंह को बेहतर सेवा के लिए प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा।