सादाबाद क्षेत्र में एक दिन में तीन लोगों की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इनमें एक 21 साल का युवक भी शामिल है। चिकित्सकों का कहना है कि दो की जान साइलेंट हार्ट अटैक से गई है।
गांव नगला मौजी सहपऊ निवासी विष्णु (21) रविवार दोपहर अपने नौहरे पर सोने के लिए गया था। कुछ देर बाद परिजन वहां पहुंचे तो उन्हें वह अचेत हालत में मिला। परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने साइलेंट हार्ट अटैक आने से मौत होने की बात कही है।
गांव नगला झुन्ना निवासी करीब कुंदनलाल (62) की भी रविवार को हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, वह बिल्कुल स्वस्थ्य थे, अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। उन्हें भी उपचार के लिए सादाबाद सीएचसी पर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गांव सलेमपुर में महिला कमला देवी (52) पत्नी राजपाल सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई। उन्हें तीन दिन पहले दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। रविवार को उनकी मौत हो गई।