गांव बिजाहरी के मजरा बनगढ़ में शनिवार रात को एक युवक इन्वर्टर के तार लगाते वक्त करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एक माह पहले की युवक शादी हुई थी।
विज्ञापन
22 वर्षीय कन्हैया पुत्र अजब सिंह रात को लाइट जाने पर इन्वर्टर के तार लगा रहा था। इस बीच शरीर में करंट दौड़ गया। अचेत होकर वह जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर हालत में परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। युवक अपने पिता के साथ सासनी में कुल्छे की ढकेल लगाता था। करीब एक माह पूर्व ही कन्हैया की शादी हुई थी। पति के मौत की खबर सुन पत्नी पूजा गश खाकर गिर पड़ी। परिवार की महिला उसे संभाल रही थीं।