युवक की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी। पुत्री के जन्म के बाद पत्नी दो महीने पहले अपने मायके चली गई। रात में युवक की पत्नी से फोन पर बात हुई और उसने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
हाथरस में सासनी के गदाखेड़ा निवासी 22 वर्षीय शिवम ने 6 सितंबर की देर रात फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया।
विज्ञापन
मृतक के पिता राजू ने बताया कि उसके बेटे की शादी डेढ़ साल पहले हाथरस निवासी भूमिका के साथ हुई थी। पुत्री पल्लवी के जन्म के बाद उसकी पत्नी दो महीने पहले अपने मायके चली गई थी। उसने महिला थाना हाथरस में ससुराल वालों के विरुद्ध एक तहरीर दी, जिससे ससुराल वाले काफी परेशान थे।
पिता ने बताया कि उसके बेटे ने फोन से रात में अपनी पत्नी से बात की थी, दोनों में कुछ बात होने के बाद उनके बेटे ने अपनी जान दे दी। नातिन को छोड़कर पुत्रवधु अपने मायके में रहने लगी है। अब नातिन मां की ममता को तरस रही है। सासनी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार का कहना है कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, परिजनों से कोई तहरीर नहीं मिली है।