कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला श्रीनगर निवासी राहुल माहौर ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उसका अपहरण कर ले गए और उसे बेरहमी से पीटा। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
राहुल का कहना है कि 12 जून की रात करीब साढ़े आठ बजे वह तालाब चौराहे पर था। तभी वहां घात लगाकर बैठे अजीम उर्फ बाबा, समीर और उनके आठ-नौ अज्ञात साथियों ने उसे घेर लिया। आरोपी उसे जबरन बाइक पर बैठाकर पत्थरवाली रोड की तरफ ले गए। सुनसान इलाके में आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर जब उसका साथी चेतन उसे बचाने मौके पर पहुंचा, तो हमलावरों ने उस पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे राहुल और चेतन दोनों लहूलुहान हो गए। सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद