थाना क्षेत्र के गांव पैकवाड़ा में ग्राम पंचायत सचिव और पंचायत सहायक द्वारा एक ग्रामीण के साथ अभद्रता, गाली-गलौज करने और उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ग्रामीण की शिकायत पर चंदपा थाना पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
गांव पैकवाड़ा निवासी पीड़ित कुलदीप कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा है कि जब भी वे अपने किसी काम के लिए गांव की पंचायत सहायक जूली शर्मा और ग्राम पंचायत सचिव गजेंद्र सिंह से कहते हैं, तो दोनों काम करने के बजाय लड़ने-झगड़ने पर उतारू हो जाते हैं। पीड़ित का आरोप है कि बीते नौ जून को दोपहर करीब 1:30 बजे जब उसने एक काम के सिलसिले से बात की तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की।
विरोध करने पर पंचायत सचिव और सहायक ने उसे धमकी दी कि वे उसे किसी गलत मुकदमे में फंसा देंगे। इस मामले में चंदपा थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर पंचायत सहायक और पंचायत सचिव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद