मथुरा में यमुना का जल स्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। जिले की सीमा में भी यमुना का पानी प्रवेश कर गया है। सादाबाद तहसील क्षेत्र के गांव मिढ़ावली के किसानों के खेतों में यमुना का पानी बलदेव क्षेत्र के गांव नेरा होते हुए करीब एक किमी आगे तक पहुंच चुका है।
जैसे जैसे यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है, वैसे वैसे खेत डूबते जा रहे हैं और ग्रामीणों की चिंता बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को काफी किसान अपने अपने खेतों पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। क्षेत्रीय लेखपाल ने भी मौके पर पहुंचकर हालात की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को दी।
गौरतलब है कि सादाबाद तहसील क्षेत्र का गांव मिढ़ावली मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र की सीमा से सटा हुआ है। इसी गांव की आबादी से करीब ढाई किमी दूर से यमुना नदी भी गुजर रही है। गांव की आबादी और यमुना नदी के बीच गांव के किसानों के खेत हैं। कुछ खेतों में बाजरा की फसल खड़ी है तो कुछ खाली पड़े हैं।
पिछले करीब एक हफ्ते से लगातार यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। ऐसे में खेतों में पानी भरना शुरू हो चुका है। गांव मिढ़ावली की ओर करीब एक किमी तक खेतों में पानी भर चुका है। इससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई दे रही हैं। यमुना नदी के पानी से गांव नगला नगला हीरा के किसान राजू की बाजरा की फसल डूब चुकी है तो वहीं गांव मिढ़ावली के किसान वीरेंद्र की भी बाजरा की फसल जलमग्न हो गई है।
किसान फसल को बचाने के प्रयास में जुटे हैं। यमुना के पानी से लोकेंद्र, राहुल, लोकेश, रवि, जयप्रकाश, करूआ प्रधान, दलवीर, सुखवीर, सत्यप्रकाश, कोमलप्रसाद, पप्पू, अमर सिंह, रामवीर, गोपाल, गोविंद आदि किसानों के खेत लबालब भर गए हैं। यदि यमुना का जलस्तर और बढ़ा तो गांव के अन्य किसानों की बाजरा की फसल डूब जाएगी और बाढ़ जैसे हालात बन जाएंगे।
लेखपाल दरब सिंह ने बताया कि करीब 300 कच्चे बीघा खेतों में यमुना का पानी भर गया है। यह पानी गांव नेरा की सीमा की ओर से आया है। हालांकि गांव की आबादी से पानी अभी काफी दूर है। वह पूरी तरह से स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रत्येक जानकारी से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है।
स्थिति पर पूरी तरह से नजर है। नदी का पानी अभी नियंत्रण में है। स्थिति पर नजर रखने के लिए लेखपाल व अन्य लोगों की ड्यूटी लगाई गई है। तहसीलदार को भी मौके की स्थिति पर नजर रखे जाने के लिए निर्देशित किया गया है।
-मनीष चौधरी, एसडीएम सादाबाद।